Translate

बुधवार, 22 अप्रैल 2009

ज़िन्दगी के फलसफ़े



पड़ोस में दीपा जी रहती हैं जिनके दोनों बच्चों की शादी हो चुकी है. दोनो बच्चे अपने-अपने घर संसार में खुश हैं. दीपाजी का दिल और दिमाग अब एक नए तरह के खालीपन से भरने लगा. बरसों से घर गृहस्थी को ईमानदारी से निभाते निभाते वे अपने आप को भूल चुकी थी. उस खालीपन को भरने के लिए उनके पतिदेव नें उन्हें एक एनजीओ में ले जाने का इरादा कर लिया. घर से बाहर निकलते ही जब इतने लोगों को ज़िन्दगी के अलग अलग दुखों का सामना करते देखा तो अपना खालीपन एक भ्रम सा लगने लगा. अब उन्हें एक लक्ष्य मिल गया और उसे पूरा करने की ठान ली, बस फिर क्या था चेहरे पर एक अलग ही चमक दिखने
लगी, उनके चेहरे की चमक से उनके जीवनसाथी का चेहरा भी खुशी से दमकने लगा. दीपाजी की बातों से लगता है कि उनके पास ढेरों ऐसे अनुभव है जिन्हें वे हमसे बाँट सकती हैं... बस हमने उन्हें ब्लॉग़ बनाने की सलाह दे डाली. नया ब्लॉग़ बनाया गया ‘ ज़िन्दगी के फलसफ़े’ वरुण ने हिन्दी का एक प्रोग्राम उनके लैपटॉप में डाल दिया। अगली शाम जब उन्होंने हिन्दी में टाइप किया हुआ एक छोटा सा पैराग्राफ पढ़ने को दिया तो हम हैरान रह गए। 24 घंटे के अन्दर उन्होंने बहुत अच्छी तरह से हिन्दी टाइपिंग सीख ली थी. फिर तो एक के बाद एक तीन पोस्ट डाल दीं गईं. हिन्दी टाइपिंग जितनी आसानी से सीखी , विश्वास है कि उतनी ही जल्दी वे स्वयं अपने ब्लॉग को तकनीकी रूप से सजाना भी सीख लेंगी.


एक विशेष बात जिसने मन मोह लिया। दीपाजी की बेटी और दामाद दुबई में रहते हैं। दीपाजी का ब्लॉग़ देखकर दोनों बच्चों ने हिन्दी टाइपिंग सीखकर टिप्पणी हिन्दी में ही की... अपने बच्चों द्वारा प्यार और आदर के छोटे छोटे ऐसे उपहार जीने का आनन्द दुगुना कर देते हैं.

सोमवार, 20 अप्रैल 2009

पदम तले त्रिपदम

हरिद्वार के पतजंलि योगपीठ में प्रकृति के साथ बिताए कुछ पल यादगार बन गए। बेटे वरुण ने पूरे आश्रम में घूम घूम कर सभी फूल पौधों के चित्र खींचें. उसकी स्वीकृति लेने के बाद इन तस्वीरों में त्रिपदम सजा दिए.


 

पदम तले 

त्रिपदम पले हैं 

सुगन्ध भरे



नवयौवना
गुलानारी रूपसी
नई नवेली 




न्यारा है रूप
 चित्रकला अनोखी
रंगों की माया



  बिन्दु चक्र में
 सम्मोहन की छाया 
भरा रहस्य


   
स्नेह के धागे
पीले केसर जैसे
अति सुन्दर 




मैं और तुम
उपवन के माली
फूल खिले हैं

                                                                               


बाँहें फैलाए
धरा खड़ी निहारे
नीला आकाश





काँटो का संगी 
गुलाब नाज़ुक सा 
गुलों का गुल




धरा सजी है 
लाल पीले रंग से 
पत्ते मुस्काए




गुलाबी गोरी
 प्रहरी तने हुए
नाता गहरा



हरा कालीन
 टंके हैं बेल-बूटे
बेमोल कला

  




धुंधले साए
 छटेंगे इक दिन
खिलेंगे फूल 




रंग रंगीला
महकता जीवन
कण्टकहीन



दृढ़-निश्चयी
 जीने का लक्ष्य पाएँ
ठान लो बस



दहका रवि
हो गए लाल पीले
खिलते फूल



गुलाबी बाँहें
 नभ को छूना चाहें
हँसी दिशाएँ




शनिवार, 18 अप्रैल 2009

एक कोशिश



महीनो से ब्लॉग बैराग ले कर उचटते मन को सही राह दिखाने में ब्लॉग जगत के कई मित्रों ने कोई कसर नही छोड़ी... आज अनायास ही मन में लहर उठी, शायद संगीत सुरा का सुरूर ..... चिट्ठाचर्चा पढ़ने लगे और मन में आया कि टिप्पणी देने की बजाए एक पोस्ट ही लिख दी जाए....

"तात्कालिक अवसाद तो व्यस्त होकर दूर किया जा सकता है। लेकिन जब अवसाद का दौर लम्बा चलता होगा तो क्या हाल होते होंगे?" इन पंक्तियों को पढ़ कर लगा कि बेहाल मन को कुछ लिखने का काम देकर कुछ देर के लिए व्यस्त क्यो न कर दिया जाए।

अक्सर हम वक्त को खुली हथेली में लेकर ऐसे बैठे रहते हैं कि एक पल भी हाथ से जाने न पाए ... होता यह है कि हमारी आँखों के सामने ही वह भाप बन कर जाने कहाँ गायब हो जाता है।








ज़िन्दगी की आइस पाइस में एक एक दिन जब रेत की तरह हथेली से निकलता जाता है तो लगता है जैसे लाइफ की छुपम छुपाई में हमारा बहुत कुछ गुम हो गया है तब ज़िन्दगी की खूबसूरती का एहसास होता है और उसे पूरे मन से जीने की कोशिश में जुट जाते हैं.... शायद मौत भी उसी खूबसूरती को पाने के लिए ज़िन्दगी के पीछे पीछे साए की तरह लगी रहती है...

चिट्ठाचर्चा का शुक्रिया जिसके माध्यम से पहली बार गौतम जी का पढ़ने का अवसर मिला . ज़िन्दगी से प्यार करने वाले सिपाही मौत को भी अपना ही एक साथी मानते हैं जो बर्फीली सरहद पर नई नवेली दुल्हन के सपने में खोए पूरन को भी बड़ी चतुरता से वापिस ले आते हैं..गौतम जी की भाषा शैली सरल होते हुए भी अपना गहरा असर छोड़ जाती है।

कभी कभी भावों का ऐसा अन्धड़ चलने लगता है जिसमें शब्द सूखे पत्तों जैसे उड़ते उड़ते दूर जा गिरते हैं जहाँ से उन्हें चुनना आसान नहीं लगता है... फिर भी उन्हें चुनने की एक कोशिश ...... !

रविवार, 29 मार्च 2009

प्रहार को रोकें और प्रहरी बनें





प्रकृति पर होते प्रहार को
हर पल रोकें
प्रहरी बन बचाएं धरती को
हर पल सोचे !



कल शनिवार 28 मार्च 2009 पूरी दुनिया में ‘अर्थ ऑवर’ मनाकर धरती को ग्लोबल वॉर्मिंग से बचाने का स्कंल्प लिया गया था. कह सकते हैं कि साढ़े आठ से साढ़े नौ तक सिर्फ एक घंटे के लिए प्रकृति के साथ मिल कर बैठने का अनुरोध किया गया.

ब्लॉगजगत में सबसे पहले इस विषय पर रचनाजी की पोस्ट देखी जिसमें उन्होंने अपनी धरती माँ को वोट देने की अपील की.. उन्हीं की आवाज़ को बुलन्द करते हुए प्राची के उस पार खड़े नीशू जी ने और नुक्कड़ पर बैठे अविनाश वाचस्पति जी ने भी अपनी आवाज़ बुलन्द की.... मातृ ऋण को चुकाने का ज़िक्र करते हुए संगीता पुरी जी ने चिंता व्यक्त की तो अरविन्द मिश्रजी ने ‘धरती प्रहर’ में एक घंटे के लिए बिजली स्विच बन्द करके धरती माँ को पर्यावरण के आघातों और प्रदूषण से बचाने की बात की.
महेश मिश्र जी ने समय चक्र की चिट्ठाचर्चा में धरती प्रहर पर वोट देने और एक घंटे के लिए बिजली बन्द करने की अपील तो की लेकिन साथ ही साथ ऐसा करने वाले कई चिट्ठों का ज़िक्र भी कर दिया। उन्हीं के ब्लॉग पर अविनाश वाचस्पति जी की आई एक टिप्पणी ने प्रभावित किया. सोचने पर विवश कर दिया कि क्या सिर्फ एक दिन के लिए सिर्फ एक घंटे के लिए धरती माँ पर होते घातक प्रहार को रोकना सम्भव है..... !!


सिर्फ एक घंटे ही क्यों
यदि बचाएँ नियमित तौर पर
चाहे एक मिनट ही रोज़ाना
तो वर्ष मे बचा पाएँगे
365 मिनट बिना नागा
जो अवश्य ही एक घंटे से
ज़्यादा होंगे
क्यो नही बनाते हम अपनी
ऐसी आदतों को लत
मेरा तो यही है मत !

हमने सोचा क्यों न हम इस विषय पर अपने मित्रों से अपना अनुभव बाँटें....
सोच कर देखिए जब बिजली चली जाती है तो सबसे पहले कानों को सुकून
मिलता है. इस सुकून को पाने के लिए हम कभी भी अपने आप बिजली के
सभी स्विच बन्द कर सकते हैं. घने अन्धकार में मन्द मन्द खुशबू वाली
मद्धम रोशनी का आनन्द पा सकते हैं.
रंग-बिरंगी और खुशबूदार मोमबत्तियाँ , नए नए बर्नर जिसमें अलग अलग
खुशबूदार अरोमा ऑयल जलाकर घर के सभी सदस्यों के मन मुताबिक
वातावरण को बनाया जा सकता है. तनाव को दूर करने के लिए, अच्छी नींद
पाने के लिए और उर्जा पाने के लिए अलग अलग प्रकार के तेल और खुशबूदार
मोमबत्तियाँ मिलती हैं.
1980 के दशक में दिल्ली के ऑबरोय होटल के पास वाले अन्धविद्यालय जाया
करते थे. कनाट प्लेस के कुछ एम्पोरियम में भी जाते थे. अनाथाश्रम, वृद्धाश्रम
और अन्धविद्यालयों में अगर यह सब बनता है तो हम वहाँ से खरीद कर उनकी
सहायता भी कर सकते हैं. अब दिल्ली में यह सब कहाँ खोजा जा सकता है ,
पता चलने पर हमें भी बताया जाए. इस वक्त जो भी हमारे घर में है,
कुछ
के चित्र खींचकर यहाँ लगा रही हूँ.






(सितारों से सजी गुलाबी रंग की मोमबत्ती गुलाब की खुशबू से भरी है)
















(वनीला खुशबू वाली लाल रंग की मोमबत्ती)








(लाल रंग के बर्नर में हल्के गुलाब की सुगन्ध की छोटी मोमबत्ती है
और ऊपर ऊर्जा शक्ति देने वाला अरोमा ऑयल जल रहा है)




कब आप मद्धम रोशनी में खामो खुशबूदार वातावरण में प्रकृति के प्रहरी बनकर उसके मौन को समझते हुए उसे अपनेपन का एहसास कराएँगे.....ज़रूर बताइएगा... !

शनिवार, 28 मार्च 2009

कुछ मेरी कलम से भी ......
















उम्र....
कोरे काग़ज़ जैसी
कभी हरकत करती उंगलियों सी

कभी काँपती कलम सी ..!!

उम्र .....
खाली प्याले सी
कभी लबालब झलकती सी
कभी आखिरी बूँद को तरसती सी... !!



उम्र.....
सिगरेट के धुएँ सी
कभी लबों से कई रूप लेती सी
कभी सीने में सुलगती सी.. !

उम्र.....
पतझर का मौसम भी
वक्त के पैरों तले
चरमराते चीखते पत्तों सी ....!!

रंजना जी की लेखनी का शुक्रिया जिसके कारण मेरी कलम भी कुछ कह उठी ..!